Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

डीएम ने किया निर्माणाधीन झारखंडी रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

निर्माण के दौरान आवागमन रहे सुचारु, जाम की स्थिति न हो उत्पन्न – डीएम

सुरक्षा मानकों से किसी प्रकार का समझौता नहीं, प्रॉपर बैरिकेडिंग सहित सभी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करें – डीएम

बलरामपुर।जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने निर्माणाधीन झारखंडी रेलवे ओवरब्रिज का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति एवं मौके पर यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था से परियोजना की वर्तमान प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा निर्धारित टाइमलाइन के अनुरूप कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाते हुए समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रेलवे ओवरब्रिज निर्माण से संबंधित विभिन्न कार्यों की प्रगति देखी। उन्होंने कहा कि परियोजना से जुड़े सभी कार्यों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए, जिससे किसी एक कार्य के लंबित रहने के कारण निर्माण की गति प्रभावित न हो। उन्होंने निर्माण कार्य में आवश्यक संसाधनों एवं मैनपावर का समुचित उपयोग करते हुए प्रगति बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्माण क्षेत्र में विद्युत पोल शिफ्टिंग की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभाग को पोल शिफ्टिंग के कार्य में तेजी लाते हुए इसे प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए, जिससे ओवरब्रिज निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।डीएम ने कहा कि रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के दौरान आमजन को आवागमन में न्यूनतम असुविधा हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। निर्माण कार्य के कारण मार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो तथा यातायात सुचारु बना रहे। इसके लिए उन्होंने सर्विस रोड के चौड़ीकरण एवं आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण सामग्री एवं मशीनरी को इस प्रकार व्यवस्थित रखने को कहा कि यातायात बाधित न हो।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण के दौरान श्रमिकों के साथ-साथ मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्माण स्थल पर सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किए जाने, कार्य क्षेत्र की प्रॉपर बैरिकेडिंग, आवश्यक चेतावनी एवं संकेतक बोर्ड लगाए जाने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सुरक्षा प्रबंध किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण स्थल पर ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित हो कि आमजन अनजाने में कार्य क्षेत्र में प्रवेश न करें तथा रात्रि के समय भी बैरिकेडिंग एवं संकेतक स्पष्ट रूप से दिखाई दें।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए परियोजना की प्रगति, यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा मानकों का लगातार अनुश्रवण किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि झारखंडी रेलवे ओवरब्रिज महत्वपूर्ण परियोजना है, इसलिए गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन करते हुए इसे निर्धारित समयसीमा के अनुरूप आगे बढ़ाया जाए।इस दौरान एडीएम न्यायिक , सहायक अभियंता सेतु निगम आलोक शुक्ला , अधिशाषी अभियंता पीडब्लूडी व अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.