डीएम ने राजकीय हाईस्कूल हरहटा का किया निरीक्षण, छात्र-छात्राओं से संवाद कर जाना शैक्षिक स्तर
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
डीएम ने लाइब्रेरी एवं कैरियर हब का किया निरीक्षण, सभी राजकीय इंटर कॉलेजों में लाइब्रेरी की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने के दिए निर्देश
बलरामपुर।जनपद में शैक्षिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने विकास खंड तुलसीपुर स्थित राजकीय हाईस्कूल हरहटा का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, कक्षा-कक्षों, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, शिक्षकों की संख्या एवं उपलब्धता सहित अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराए जाने पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने विद्यालय में शिक्षकों की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि आवश्यकतानुसार एवं नियमानुसार सेवानिवृत्त योग्य शिक्षकों की सेवाएं लेते हुए शिक्षकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे प्रत्येक विषय की नियमित कक्षाएं संचालित हों और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।इस दौरान जिलाधिकारी ने कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, विषयों एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं से कहा कि जीवन में सफलता के लिए नियमित अध्ययन, अनुशासन, समय का सदुपयोग और लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। विद्यार्थी अपना लक्ष्य निर्धारित करें तथा उसे प्राप्त करने के लिए पूरी लगन एवं मेहनत के साथ आगे बढ़ें।इस दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में संचालित लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। उन्होंने लाइब्रेरी में उपलब्ध पुस्तकों एवं विद्यार्थियों द्वारा उसके उपयोग की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि छात्र-छात्राओं द्वारा लाइब्रेरी का बेहतर उपयोग किया जा रहा है।जिलाधिकारी ने इस पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के साथ-साथ सामान्य ज्ञान, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित पुस्तकों के अध्ययन के लिए भी प्रेरित किए जाने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि लाइब्रेरी विद्यार्थियों में अध्ययन की आदत विकसित करने के साथ उनके ज्ञान के दायरे को व्यापक बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनपद के सभी राजकीय इंटर कॉलेजों में लाइब्रेरी की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने तथा उपलब्ध लाइब्रेरी को विद्यार्थियों के लिए नियमित रूप से क्रियाशील एवं उपयोगी बनाए रखने के निर्देश दिए।डीएम ने विद्यालय में स्थापित कैरियर हब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कैरियर हब के माध्यम से छात्र-छात्राओं को विभिन्न उच्च शिक्षा पाठ्यक्रमों, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं भविष्य में उपलब्ध कैरियर विकल्पों के संबंध में समुचित मार्गदर्शन प्रदान किए जाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप सही समय पर कैरियर संबंधी जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए, जिससे वे भविष्य के लिए बेहतर निर्णय ले सकें।उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति पर विशेष ध्यान देने तथा प्रत्येक बच्चे को उसकी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा।कमजोर विद्यार्थियों पर अतिरिक्त ध्यान देते हुए उनके लर्निंग आउटकम में सुधार सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को विद्यालय में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं एवं शैक्षणिक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा बेहतर पठन-पाठन का वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ लाइब्रेरी, कैरियर मार्गदर्शन एवं आवश्यक शैक्षणिक संसाधनों का अधिकतम लाभ मिले, इसके लिए विद्यालय स्तर पर सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखी जाएं।इस दौरान एडीएम न्यायिक व अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहें।