Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

डीएम की अध्यक्षता में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक सम्पन्न

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने के लिए नियमित रूप से आयोजित हों जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं – डीएम

बलरामपुर।जनपद में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने तथा खेल अवस्थापना सुविधाओं को सुदृढ़ किए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित खेल गतिविधियों, स्पोर्ट्स स्टेडियम में उपलब्ध सुविधाओं, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण एवं विभिन्न स्तरों पर खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें उचित प्रशिक्षण, संसाधन एवं प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए नियमित अंतराल पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के माध्यम से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मंडल, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।जिलाधिकारी ने जनपद के खिलाड़ियों का ऑनलाइन डेटाबेस तैयार किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डेटाबेस में खिलाड़ियों का नाम, खेल विधा, उपलब्धियां, प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं में प्रतिभागिता से संबंधित विवरण संकलित किया जाए। इससे जनपद की खेल प्रतिभाओं की पहचान करने, खिलाड़ियों को उनकी खेल विधा के अनुरूप प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं की जानकारी उपलब्ध कराने तथा भविष्य में खेल गतिविधियों की कार्ययोजना तैयार करने में सहायता मिलेगी।जिलाधिकारी ने स्पोर्ट्स स्टेडियम बलरामपुर में उपलब्ध खेल सुविधाओं की समीक्षा करते हुए खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टेडियम परिसर में नियमित साफ-सफाई, खेल मैदानों के उचित रखरखाव, आवश्यक खेल उपकरणों की उपलब्धता तथा खिलाड़ियों के लिए मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित किए जाने पर विशेष जोर दिया।उन्होंने कहा कि स्टेडियम में नियमित अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। संबंधित अधिकारी खेल मैदानों एवं उपलब्ध संसाधनों का नियमित निरीक्षण करें तथा आवश्यकतानुसार सुविधाओं में सुधार सुनिश्चित करें।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति के माध्यम से प्रत्येक माह विभिन्न खेल विधाओं में प्रतियोगिताओं के आयोजन की कार्ययोजना तैयार की जाए। प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।उन्होंने दिव्यांग खिलाड़ियों को भी खेल गतिविधियों से जोड़ने तथा उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित एवं प्रोत्साहित किए जाने के संबंध में भी चर्चा की गई।बैठक में फुटबॉल खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए प्रशिक्षक की व्यवस्था, प्रशिक्षण शिविर के आयोजन तथा आवश्यक खेल उपकरण उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होने वाली जिला, मंडल एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर विचार-विमर्श किया गया।बैठक में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की आय एवं व्यय, सोसायटी पंजीकरण के नवीनीकरण तथा खेल गतिविधियों के विस्तार से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई।जिलाधिकारी ने खेल सुविधाओं का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने तथा खेल गतिविधियों के संचालन में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।स्पोर्ट्स स्टेडियम में स्थित क्रिकेट मैदान एवं बैडमिंटन हॉल के उपयोग तथा खिलाड़ियों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया।जिलाधिकारी ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। जनपद की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.