दो दिन से हो रही तेज बारिश और हवाओं से धान-गन्ने की फसलें गिरीं, किसान चिंतित
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
सादुल्लानगर(बलरामपुर)। क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हो रही तेज बारिश और तूफानी हवाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में तैयार हो रही धान की फसल तेज हवा और बारिश के कारण खेतों में गिर गई है। वहीं कई जगह गन्ने की फसल भी जमीन पर बिछ गई है। फसलों के गिरने से किसानों को उत्पादन प्रभावित होने और आर्थिक नुकसान की आशंका सताने लगी है।किसानों के मुताबिक लगातार बारिश और तेज हवा के कारण धान की बालियों पर असर पड़ रहा है। जिन खेतों में धान की फसल में दाना पकने की अवस्था में पहुंच चुकी थी, वहां पौधे गिर जाने से कटाई में भी परेशानी बढ़ सकती है। खेतों में पानी भरने से फसल के खराब होने की आशंका भी बनी हुई है।गन्ने की फसल भी तेज हवाओं की चपेट में आकर कई स्थानों पर गिर गई है। किसानों का कहना है कि गन्ने के पौधे गिरने से खेत में नमी अधिक होने के कारण फसल को संभालना मुश्किल हो जाता है। बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो नुकसान और बढ़ सकता है।किसान गुरु प्रसाद शर्मा, राधेश्याम, वेदप्रकाश, सुभाष, झिनकू और राम विलास ने बताया कि इस समय धान और गन्ने की फसल किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।बारिश जहां कुछ फसलों के लिए फायदेमंद रही, वहीं तेज हवा के साथ हुई बारिश ने तैयार फसलों को नुकसान पहुंचाया है। किसानों ने संबंधित विभाग से खेतों का निरीक्षण कर फसलों में हुए नुकसान का आकलन कराने की मांग की है।किसानों का कहना है कि मौसम साफ होने के बाद ही नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल खेतों में गिरी फसलों को देखकर किसान परेशान हैं और उन्हें आर्थिक नुकसान की चिंता सता रही है।