Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

दुर्गापूजा से पहले मूर्तिकार उत्तम पाल के अचानक गायब होने से हड़कंप, जिला प्रशासन और केंद्रीय समिति समाधान के प्रयास में जुटी

रिपोर्ट  – प्रेमा मौर्या अवध परिक्षेत्र हरैया

अयोध्या, 27 सितंबर: जनपद में दुर्गापूजा उत्सव की तैयारियों के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मूर्तिकार उत्तम पाल अचानक गायब हो गए। इस खबर से कार्यशाला पर हज़ारों लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। मूर्तिकार के पास अयोध्या समेत अन्य जनपदों की कुल 110 मूर्तियां (अयोध्या के लिए 59) बुक थीं। घटना की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति के पदाधिकारियों ने तत्काल मोर्चा संभाला। समिति के जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल, संयोजक गगन जायसवाल और प्रवक्ता केशव बिगुलर सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर दुर्गापूजा समितियों के कार्यकर्ताओं से वार्ता की। प्रशासनिक सुरक्षा पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मूर्तिकार की पूरी कार्यशाला को अपनी सुरक्षा में ले लिया है।
वैकल्पिक व्यवस्था: केंद्रीय समिति ने स्थानीय पुलिस चौकी इंचार्ज से बिल बुक के जरिए समितियों की सूची तैयार कर संपर्क साधने का आग्रह किया है, ताकि समितियां भी समय रहते अपनी वैकल्पिक व्यवस्था कर सकें। मंत्री से मुलाकात स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल ने नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता के माध्यम से प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही से मुलाकात कर उन्हें पूरी घटना से अवगत कराया और शीघ्र समाधान का अनुरोध किया।
मूर्तिकार से अपील: केंद्रीय समिति ने अपील की है कि मूर्तिकार उत्तम पाल जहां कहीं भी हों, जल्द अयोध्या लौटें। प्राकृतिक आपदा के कारण हुए विलंब पर समितियों से चर्चा कर बीच का रास्ता निकाला जाएगा और पर्व को सकुशल संपन्न कराया जाएगा।आप सभी धैर्य रखें। मूर्तिकार को शीघ्र वापस लाकर काम पूरा कराने का प्रयास जारी है। प्रशासन और समिति इस संकट से निपटने के लिए पूरी तरह तत्पर हैं, किसी को भी असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.