सेवा और संघर्ष की विरासत को किया नमन, जरूरतमंदों में बांटे वस्त्र,व फल
रिपोर्ट -ब्यूरो आचार्य स्कंद दास अयोध्या धाम
अयोध्या। गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों की आवाज को बुलंद करने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी स्वर्गीय कृष्णानंद त्रिपाठी की जयंती पर रविवार को सनातन रक्षक संघ एवं कृष्णानंद फाउंडेशन की ओर से श्रद्धा और सेवा का संगम देखने को मिला। जन्मदिवस के अवसर पर जरूरतमंदों को वस्त्र व फल वितरित किए गए। इस दौरान केक काटकर फोटो पर पुष्पांजलि अर्पित कर स्व कृष्णानंद त्रिपाठी के व्यक्तित्व और कृतित्व को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।कार्यक्रम में कृष्णानंद फाउंडेशन के संस्थापक एवं सनातन रक्षक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकुंद माधव त्रिपाठी ने कहा कि उनके पिता ने अपना जीवन समाज के कमजोर और वंचित वर्ग के अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया। अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाना और जरूरतमंदों के साथ खड़ा होना उनके जीवन का ध्येय रहा। समाजसेवा उनके लिए महज दायित्व नहीं, बल्कि जीवन का उद्देश्य थी।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय कृष्णानंद त्रिपाठी के दिखाए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।जरूरतमंदों की सेवा और समाजहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। सनातन संस्कृति, समाज और वंचित वर्ग के हितों के लिए परिवार और संगठन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।मुकुंद माधव त्रिपाठी ने कहा कि स्वर्गीय कृष्णानंद त्रिपाठी का जीवन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके संघर्ष, सेवा भावना और सामाजिक सरोकारों को आत्मसात करना ही जन्मदिवस आयोजन की सार्थकता है। कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंदों को वस्त्र वितरित कर सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाया गया।इस अवसर पर वंदना त्रिपाठी, गीता त्रिपाठी, मानस त्रिपाठी, कुलभूषण द्विवेदी, विकास सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।