डीएम ने किया राजकीय जिला पुस्तकालय का निरीक्षण,छात्र-छात्राओं से संवाद कर जानी सुविधाओं की स्थिति
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
क्रिटिकल गैप से ₹20 लाख की धनराशि से विकसित हुईं बेहतर सुविधाएं, आधुनिक एवं सुविधाजनक बना पुस्तकालय
बलरामपुर।जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में स्थित राजकीय जिला पुस्तकालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों, अध्ययन कक्ष, बैठने की व्यवस्था सहित छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया तथा पुस्तकालय में अध्ययन कर रहे छात्र-छात्राओं से संवाद किया।जिलाधिकारी के निर्देशन में राजकीय जिला पुस्तकालय का कायाकल्प करते हुए इसकी सुविधाओं में व्यापक सुधार किया गया है। क्रिटिकल गैप से ₹20 लाख की धनराशि से पुस्तकालय को बेहतर एवं सुविधाजनक स्वरूप प्रदान किया गया है। पुस्तकालय में अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण, बेहतर फर्नीचर एवं बैठने की व्यवस्था के साथ विभिन्न विषयों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित उपयोगी पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुस्तकालय में अध्ययन कर रहे छात्र-छात्राओं से बातचीत करते हुए उनकी तैयारी एवं पुस्तकालय में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को बेहतर अध्ययन सामग्री एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, जिससे आर्थिक अथवा संसाधनों की कमी किसी विद्यार्थी की सफलता के मार्ग में बाधा न बने।राजकीय जिला पुस्तकालय में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को एक ही स्थान पर शांत एवं व्यवस्थित वातावरण में अध्ययन की बेहतर सुविधा मिल रही है। पुस्तकालय में उपलब्ध विभिन्न विषयों की पुस्तकों एवं अध्ययन सामग्री का लाभ लेते हुए विद्यार्थी अपनी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को बेहतर ढंग से आगे बढ़ा रहे हैं।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पुस्तकालय में विद्यार्थियों की आवश्यकता के अनुरूप नवीन एवं उपयोगी पुस्तकों की उपलब्धता निरंतर बढ़ाए जाने तथा उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि पुस्तकालय को विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, अध्ययन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के एक उत्कृष्ट केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं को नियमित अध्ययन, समय के बेहतर प्रबंधन एवं लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए अपने लक्ष्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ें।इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी अशोक पाठक व अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारीगण उपस्थित रहें।