Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

पारिवारिक विवाद से क्षुब्ध महिला मोबाइल टावर पर चढ़ी, पुलिस ने सुरक्षित उतारा

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

घंटों की मशक्कत के बाद मानी महिला, मौके पर जुटी सैकड़ों लोगों की भीड़

सादुल्लानगर,बलरामपुर। सादुल्ला नगर क्षेत्र के मद्दों चौरा गांव में सोमवार को सुबह पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला जियो मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर पर चढ़ा देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घंटों समझाने-बुझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा।सादुल्लानगर थानाध्यक्ष सतेंद्र वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। महिला को नीचे उतारने के लिए आरक्षी विजेश गुप्ता और कुलदीप यादव टावर पर चढ़े। दोनों पुलिसकर्मियों ने महिला से बातचीत कर उसकी समस्या जानने का प्रयास किया। काफी देर तक समझाने और समस्या के समाधान का आश्वासन देने के बाद महिला नीचे उतरने को तैयार हुई। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई और उसकी शिकायत सुनकर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया।ग्रामीणों के अनुसार, महिला की पहचान मद्दों चौरा निवासी जैसबुन्निस के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसके पति विदेश में रहकर कमाई करते हैं। महिला के तीन बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और दो बेटियां हैं। प्रारंभिक जानकारी में घटना की वजह पारिवारिक विवाद बताई जा रही है। हालांकि, विवाद के वास्तविक कारणों की पुष्टि महिला की शिकायत और पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।महिला के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए स्थिति संभाली। महिला के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.