डीएम की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति एवं विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
विद्यालयों में परिवहन सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत, ई-रिक्शा से स्कूली बच्चों के आवागमन पर रोक के निर्देश
आज जनपद में चलेगा विशेष यातायात जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान
बलरामपुर।जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में सड़क सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने, विद्यालयों में सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद के सभी विद्यालयों में विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति का गठन अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने कहा कि गठित समितियां नियमित रूप से बैठकों एवं विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन करें तथा विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें, जिससे उनमें सुरक्षित यातायात व्यवहार विकसित हो सके।उन्होंने निर्देश दिए कि सभी स्कूल बसों में सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील अवस्था में लगाए जाएं तथा प्रत्येक विद्यालय अपने बस चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस का नियमित सत्यापन सुनिश्चित करे। साथ ही वाहन चालकों के स्वास्थ्य, अनुशासन एवं सुरक्षित ड्राइविंग व्यवहार पर भी सतत निगरानी रखी जाए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद के सभी कॉन्वेंट विद्यालयों में विद्यार्थियों के सुरक्षित आवागमन हेतु विद्यालय बस अथवा अधिकृत वैन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में स्कूली बच्चों का आवागमन ई-रिक्शा से न कराया जाए। बैठक में उपस्थित सभी विद्यालय प्रबंधकों ने इस व्यवस्था को लागू करने पर अपनी सहमति व्यक्त की।उन्होंने परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग को सड़क सुरक्षा नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने हेतु नियमित प्रवर्तन अभियान चलाने तथा ओवरलोडिंग, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।आज चलेगा विशेष यातायात जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान।बैठक में निर्णय लिया गया कि जनपद में 09 जुलाई को विशेष यातायात जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी सहित समस्त उप जिलाधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारी जनपद के प्रमुख चौराहों पर उपस्थित होकर आमजन को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करेंगे। इसके उपरांत एक घंटे का विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा, जिसमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा जनपद में सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात संस्कृति को बढ़ावा देना है।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, विभिन्न स्कूलों के प्रबंधक व अन्य संबंधित अधिकारी,कर्मचारीगण उपस्थित रहें।