मानसून गन्ने की बुआई का हुआ शुभारंभ, सहफसली खेती से अतिरिक्त आय पर जोर
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बरगदवा में किसान के खेत मे 16202 प्रजाति की दो आंख के टुकड़ों की ट्रेंच विधि से हुई बुआई, करीब 50 किसानों ने लिया प्रशिक्षण
बलरामपुर।श्रीदत्तगंज विकासखंड के ग्राम बरगदवा में बुधवार को बजाज चीनी मिल इटईमैदा की ओर से मानसून गन्ने की बुआई का शुभारंभ किया गया। किसान विजयपाल वर्मा के खेत में गन्ने की 16202 प्रजाति के दो आंख वाले टुकड़ों की ट्रेंच विधि से बुआई कराई गई। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बुआई का शुभारंभ हुआ। इस दौरान किसानों को मानसून एवं शरदकालीन गन्ने की उन्नत खेती के साथ सहफसली खेती अपनाकर अतिरिक्त आय अर्जित करने की जानकारी दी गई।कार्यक्रम में बजाज चीनी मिल इटईमैदा के यूनिट हेड श्याम सिंह, महाप्रबंधक गन्ना दिनेश शर्मा, वरिष्ठ प्रबंधक गन्ना निखलेश सिंह, अपर प्रबंधक गन्ना बृजेश प्रताप सिंह, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक बलरामपुर और एसीडीओ विवेक मिश्र समेत करीब 50 किसान मौजूद रहे।गन्ना विभाग के अधिकारियों ने किसानों को मानसून गन्ने की बुआई के लिए वैज्ञानिक विधियों को अपनाने पर जोर दिया। बताया गया कि ट्रेंच विधि से गन्ने की बुआई करने पर खेत में पौधों का उचित अंतर बनाए रखने के साथ फसल प्रबंधन में सुविधा होती है। किसानों को स्वस्थ बीज का चयन, खेत की तैयारी, उचित दूरी और समय से सिंचाई व पोषक तत्वों के प्रबंधन के बारे में भी जानकारी दी गई।अधिकारियों ने किसानों को गन्ने के साथ सहफसली खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। बताया गया कि गन्ने की फसल के शुरुआती दौर में उपलब्ध स्थान का उपयोग कर किसान दलहन, तिलहन और अन्य उपयुक्त फसलों की खेती कर अतिरिक्त आय प्राप्त कर सकते हैं। इससे भूमि का बेहतर उपयोग होने के साथ किसानों की कुल कृषि आय में भी वृद्धि हो सकती है।कार्यक्रम में मानसून गन्ने के शरदकालीन बुआई की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। गन्ना अधिकारियों ने किसानों से उन्नत प्रजातियों का चयन करने और वैज्ञानिक कृषि तकनीक अपनाने की अपील की। किसानों की समस्याओं और फसल संबंधी जिज्ञासाओं का मौके पर समाधान भी किया गया। मिल अधिकारियों ने कहा कि किसानों को बेहतर उत्पादन और गन्ने की खेती से अधिक लाभ दिलाने के लिए समय-समय पर तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।