प्रभारी मंत्री सतीश शर्मा के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा जनपद
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
एमपीपी इंटर कॉलेज से स्पोर्ट्स स्टेडियम तक हाथों में तिरंगा लेकर उमड़ा जनसैलाब, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से गूंजा नगर
बलरामपुर।स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर से पूर्व जन-जन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जनपद मुख्यालय पर भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
राज्यमंत्री, खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति/जनपद के प्रभारी मंत्री सतीश शर्मा के नेतृत्व में आयोजित तिरंगा यात्रा में जनप्रतिनिधिगण, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग किया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ एमपीपी इंटर कॉलेज से हुआ। हाथों में आन-बान-शान का प्रतीक तिरंगा लिए हजारों कदम जब एक साथ आगे बढ़े तो पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो उठा। यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंची। इस दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ एवं देशभक्ति के जयघोष से नगर गूंज उठा। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा का स्वागत किया और राष्ट्रप्रेम के इस अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
तिरंगा यात्रा में विधायक सदर पल्टूराम,विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ल, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री आरती तिवारी, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद बलरामपुर डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर सहभागिता की। विद्यार्थियों एवं युवाओं में तिरंगा यात्रा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।तिरंगे की छांव में एकजुट दिखा पूरा नगर
यात्रा के दौरान विभिन्न आयु वर्ग के लोगों की सहभागिता ने राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक समरसता का सुंदर संदेश दिया। स्कूली विद्यार्थियों और युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ तिरंगा लहराते हुए देशभक्ति के नारे लगाए। तिरंगे की छांव में समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव हम सभी के लिए सर्वोपरि है।तिरंगा यात्रा के स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचने पर इसका समारोहपूर्वक समापन हुआ। यहां विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम, गीत एवं अन्य मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता आंदोलन, देश के गौरवशाली इतिहास एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को जीवंत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, तिरंगे के सम्मान तथा देश के प्रति प्रत्येक नागरिक के कर्तव्यों का संदेश दिया गया।तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक प्रभारी मंत्री मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री सतीश शर्मा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले असंख्य वीर स्वतंत्रता सेनानियों एवं बलिदानियों के त्याग और संघर्ष की याद दिलाता है।उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवा पीढ़ी के मन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति समर्पण की भावना को और मजबूत करना है। जब देश का प्रत्येक नागरिक राष्ट्र को सर्वोपरि मानते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करता है, तभी राष्ट्र विकास और समृद्धि के पथ पर तेजी से आगे बढ़ता है।प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान एवं प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन में आयोजित किए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने तिरंगे को जन-जन के गौरव और उत्सव से जोड़ने का कार्य किया है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन तथा स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी नागरिक राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं निर्धारित नियमों का सम्मान करते हुए अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराएं तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागी बनें।‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ निभाएं अपने कर्तव्य।प्रभारी मंत्री ने कहा कि भारत आज विश्व पटल पर निरंतर आगे बढ़ रहा है और देश की इस विकास यात्रा में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।युवाओं को देश की प्रगति, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में सक्रिय योगदान देना चाहिए। उन्होंने सभी से ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ अपने दायित्वों एवं कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।भव्य तिरंगा यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस से पूर्व पूरे नगर में उत्सव एवं राष्ट्रभक्ति का वातावरण तैयार कर दिया। हाथों में लहराता तिरंगा, विद्यार्थियों एवं युवाओं का उत्साह तथा ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के गगनभेदी जयघोष ने आयोजन को यादगार बना दिया। यात्रा के माध्यम से नागरिकों ने देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता एवं गौरव को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया।कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष रवि मिश्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी, ब्लॉक प्रमुख पंकज सिंह, राकेश तिवारी, अनूप चन्द्र गुप्ता, श्याम मनोहर तिवारी, डॉ. अजय सिंह ‘पिंकू’, श्रीमती वंदना पासवान, श्रीमती आद्या सिंह ‘पिंकी’, संजय शुक्ल, डी.पी. सिंह बैस, राजाराम गौतम, श्रीमती ललिता तिवारी, श्रीमती सुनीता मिश्रा, श्रीमती साधना पांडेय, श्रीमती झूमा सिंह एवं श्रीमती सरिता शुक्ल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण, पदाधिकारीगण, शिक्षक, विद्यार्थी, युवा एवं नागरिक उपस्थित रहे।भव्य तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन के साथ पूरे नगर में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं स्वतंत्रता के गौरव का संदेश प्रसारित हुआ तथा उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान को सर्वोपरि रखते हुए देश की प्रगति में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।