Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

सड़क सुरक्षा को लेकर चला गया जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

डीएम एवं एसपी ने वीर विनय चौराहे पर लोगों को किया जागरूक, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर हुई चालान की कार्रवाई

बलरामपुर।सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद में व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं प्रवर्तन विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत जनपद की सभी तहसीलों में प्रमुख चौराहों, मार्गों एवं सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को सुरक्षित यातायात के नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही, नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार प्रवर्तन की कार्रवाई की गई।इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने वीर विनय चौराहे पर मौजूद रहकर वाहन चालकों एवं आमजन को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया। उन्होंने लोगों से दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा नशे की स्थिति में वाहन न चलाने की अपील की।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट न लगाने, बिना नंबर प्लेट के वाहन संचालित करने सहित यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। वाहन चालकों को नियमों के उल्लंघन से स्वयं तथा अन्य लोगों के जीवन पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों के बारे में भी बताया गया।जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियम केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं।उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने दें तथा परिवार के प्रत्येक सदस्य को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में सड़क सुरक्षा जागरूकता के साथ-साथ प्रवर्तन की कार्रवाई भी लगातार जारी रहेगी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित लेन एवं गति सीमा का पालन करने तथा एम्बुलेंस एवं अन्य आपातकालीन वाहनों को तत्काल रास्ता देने की अपील की।जनपद की सभी तहसीलों में भी संबंधित अधिकारियों द्वारा अभियान चलाकर वाहन चालकों एवं आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। अभियान का उद्देश्य सुरक्षित यातायात व्यवहार को जन-आंदोलन का रूप देते हुए सड़क दुर्घटनाओं एवं उनसे होने वाली जनहानि को न्यूनतम करना है।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.