Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या का आरोप

रिपोर्ट – ब्यूरो रामपुर

मिलक (रामपुर)। थाना मिलक क्षेत्र के ग्राम भैसौड़ी में एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने गाँव के ही कुछ लोगों पर रंजिशन हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, भैसौड़ी निवासी ब्रिशन का पुत्र गौरव (25 अगस्त 2026) सुबह घर से खेत पर काम करने गया था। शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान जंगल में गौरव का शव एक पेड़ से लटका हुआ मिला।परिजनों का आरोप है कि शव के दोनों हाथ आगे से बंधे हुए थे और पैर जमीन से लगे हुए थे। परिजनों ने बताया कि मौके पर आरोपियों को देखकर वे फरार हो गए, जिसके बाद ग्रामीणों व पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू की।मृतक के पिता ब्रिशन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुछ समय पूर्व गाँव के ही चरन सिंह, गौतम, अजय, प्रियांशु, अर्जुन व दो अज्ञात व्यक्तियों के साथ गौरव का विवाद हुआ था। उस समय आरोपियों ने गौरव के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी थी। पीड़ित पिता का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते उक्त लोगों ने उनके पुत्र की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया है।पीड़ित पक्ष ने थाना मिलक पुलिस से प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.