Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति की बैठक में डीएम ने शिक्षा की गुणवत्ता पर दिया विशेष जोर

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

विद्यालयों में  विद्यार्थियों के अधिगम स्तर का नियमित आकलन किया जाए सुनिश्चित — डीएम

बलरामपुर।जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति की बैठक संपन्न हुई।बैठक में जनपद में संचालित शैक्षिक गतिविधियों, विद्यार्थियों के अधिगम स्तर, विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता तथा बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ उनके अधिगम परिणामों में निरंतर सुधार सुनिश्चित करना है। विद्यालयों में केवल पाठ्यक्रम पूरा कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी देखा जाना आवश्यक है कि विद्यार्थी निर्धारित अधिगम उद्देश्यों के अनुरूप कितना सीख रहे हैं और प्राप्त ज्ञान को किस स्तर तक समझ एवं प्रयोग कर पा रहे हैं।उन्होंने माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों के अधिगम स्तर का नियमित आकलन किया जाए। विभिन्न मापन एवं मूल्यांकन विधियों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रगति का परीक्षण करते हुए प्राप्त परिणामों का विश्लेषण किया जाए। जिन विद्यार्थियों का अधिगम स्तर अपेक्षाकृत कमजोर पाया जाए, उनके लिए विषयवार एवं विद्यार्थीवार आवश्यक सुधारात्मक शैक्षिक गतिविधियां संचालित की जाएं।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि आकलन को केवल औपचारिक प्रक्रिया तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उसके परिणामों का उपयोग शिक्षण पद्धति को बेहतर बनाने में किया जाए। शिक्षक विद्यार्थियों की सीखने संबंधी कठिनाइयों की पहचान करें तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त मार्गदर्शन एवं अभ्यास के माध्यम से उनके अधिगम स्तर में सुधार सुनिश्चित करें।बैठक में जिला राजकीय पुस्तकालय के सुदृढ़ीकरण एवं प्रभावी उपयोग की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पुस्तकालय को विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अधिक उपयोगी बनाया जाए। पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों एवं अध्ययन संसाधनों का अधिकाधिक विद्यार्थियों तक लाभ पहुंचाने तथा पुस्तकालय के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।बेसिक शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक भी संपन्न।इसी क्रम में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक भी संपन्न हुई। बैठक में विद्यालयों में संचालित विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों एवं विभागीय योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, शैक्षिक गुणवत्ता एवं अधिगम स्तर पर विशेष ध्यान दिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर बच्चों की शैक्षिक प्रगति की नियमित निगरानी की जाए तथा जिन क्षेत्रों में अपेक्षित परिणाम प्राप्त नहीं हो रहे हैं, वहां कारणों की पहचान कर सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों का नियमित अनुश्रवण करते हुए शासन द्वारा संचालित शैक्षिक योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग हो तथा प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण एवं परिणामपरक शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में शिक्षक एवं अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें।जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में शिक्षा की गुणवत्ता में गुणात्मक सुधार तथा प्रत्येक विद्यार्थी के अधिगम स्तर में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।बैठक में जिला विकास अधिकारी कमलेश सोनी , जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.