Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

पुलिस की वर्दी पहनकर व्यापारियों से वसूली करने वाला गिरफ्तार

रिपोर्ट – ब्यूरो स्कन्द दास

फर्जी पुलिस पहचान पत्र, वर्दी, 7,500 रुपये और दो मोबाइल बरामद

अयोध्या। कोतवाली अयोध्या पुलिस ने पुलिस की वर्दी पहनकर व्यापारियों और आम लोगों पर पुलिसिया रौब दिखाकर अवैध वसूली करने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी की पूर्ण वर्दी, फर्जी पुलिस पहचान पत्र, 7,500 रुपये और दो एंड्रायड मोबाइल बरामद हुए हैं।पुलिस के अनुसार, आरोपी रेलवे स्टेशन और आसपास के बाजार में पुलिस आरक्षी की वर्दी पहनकर घूमता था। वह दुकानदारों व आम लोगों को पुलिस का भय दिखाकर जांच के नाम पर रुपये व सामान वसूलता था। इसी दौरान एक व्यक्ति से पुलिसिया रौब दिखाकर उसका मोबाइल फोन भी ले लिया था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रविवार को परिक्रमा मार्ग स्थित बड़ी छावनी मोड़ के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसके पुलिसकर्मी न होने की पुष्टि हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से पुलिस की वर्दी, नेमप्लेट, बेल्ट, कैप, बूट, मोनोग्राम और पुलिस पहचान पत्र के अलावा 7,500 रुपये तथा दो मोबाइल बरामद किए गए।गिरफ्तार आरोपी की पहचान सत्यम मिश्रा (26) पुत्र उमेश चंद्र मिश्रा निवासी मिश्रौलिया, पोस्ट कलवारी विजौरा, थाना कलवारी, जनपद बस्ती के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 724/26 में धारा 205, 319(2), 318(4), 338, 336(3) और 340(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.