कर्नलगंज में फिर पानी की टंकी पर चढ़ा युवक, तीन घंटे तक मचा रहा हड़कंप
रिपोर्ट – ब्यूरो गोण्डा
गोंडा। कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तहसील के सामने स्थित पानी की टंकी पर एक युवक चढ़ गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक करीब तीन घंटे तक टंकी पर चढ़ा रहा और डीएम व एसपी को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ा रहा। बताया जा रहा है कि युवक एक गैस एजेंसी के कर्मचारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगा रहा था और कूदने की धमकी दे रहा था।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सूचना वायरल होने के बावजूद करीब तीन घंटे तक मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी नहीं पहुंचे, जिससे लोगों में आक्रोश देखा गया।
गौरतलब है कि बीते कुछ महीनों में यह तीसरी घटना है, जब तहसील के सामने स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर युवाओं ने विरोध जताया है। कोतवाली और तहसील के सामने इस तरह की घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस संबंध में जानकारी के लिए कर्नलगंज कोतवाली के सीयूजी नंबर पर संपर्क किया गया तो नंबर नेटवर्क क्षेत्र से बाहर बता रहा था।