एजुलीडर्स अवार्ड में बलरामपुर की प्रतिमा यादव सम्मानित
रिपोर्ट -ब्यूरो बलरामपुर
सादुल्लानगर,बलरामपुर। बृजभूमि मथुरा स्थित केएम यूनिवर्सिटी में एजुलीडर्स अवार्ड-2026 समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के 75 जनपदों से पहुंचे एजुलीडर्स अवार्ड विजेताओं और जनपद संयोजकों को सम्मानित किया गया। बलरामपुर जिले से रेहरा ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय बजरिया हुसैन की सहायक अध्यापिका प्रतिमा यादव को एजुलीडर्स अवार्ड के लिए चयनित कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का आयोजन एजुलीडर्स टीम की ओर से संयोजक एवं राष्ट्रपति पुरस्कार विजेता सर्वेश मिश्र के नेतृत्व में किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित समारोह में विभिन्न जनपदों से चयनित शिक्षकों ने हिस्सा लिया।बलरामपुर की ओर से एजुलीडर्स की जिला एडमिन रेशू पाण्डेय को भी उनके कार्य और संगठन में योगदान के लिए ‘कर्मयोगी’ सम्मान से नवाजा गया। दोनों के सम्मानित होने से जिले के शिक्षकों में खुशी का माहौल है। शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने प्रतिमा यादव व रेशू पाण्डेय को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।समारोह के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष एवं केएम यूनिवर्सिटी के कुलपति किशन चौधरी रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में आईएएस अधिकारी सलोनी गौतम, मथुरा की बीएसए रतन कीर्ति सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। अतिथियों ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के योगदान की सराहना की।प्रतिमा यादव ने सम्मान को विद्यालय और जिले के शिक्षकों के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि यह पुरस्कार उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।समारोह में मौजूद शिक्षकों ने कहा कि ऐसे सम्मान से शिक्षकों का उत्साह बढ़ता है और वे बच्चों की शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के लिए और अधिक जिम्मेदारी से कार्य करने को प्रेरित होते हैं।