खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य प्रतिष्ठानों का किया औचक निरीक्षण
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
होटल एवं ढाबों से भैंस के दूध एवं पेड़ा के नमूने संग्रहित, जांच हेतु भेजे जाएंगे प्रयोगशाला
बलरामपुर।आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जाने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनपद में लगातार निरीक्षण एवं प्रवर्तन की कार्रवाई की जा रही है।इसी क्रम में उप जिलाधिकारी तुलसीपुर के निर्देशन में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश कुमार शुक्ला एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी चन्द्र भान तथा श्रीराम मौर्य की संयुक्त टीम द्वारा तहसील तुलसीपुर क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा सुखरामपुर एवं पुरषोत्तमपुर चौराहे पर संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए विशेष रूप से वहां ग्राहकों को उपलब्ध कराई जा रही चाय की गुणवत्ता की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं द्वारा प्रयोग की जा रही चायपत्ती की भी जांच की गई तथा यह सुनिश्चित किया गया कि प्रतिष्ठानों पर मानक एवं ब्रांडेड चायपत्ती का ही प्रयोग किया जाए।निरीक्षण के दौरान टीम द्वारा काका होटल एंड टी स्टाल तथा जयसवाल ढाबा का भी निरीक्षण किया गया। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के उद्देश्य से काका होटल एंड टी स्टाल से भैंस के दूध तथा जयसवाल ढाबा से पेड़ा का नमूना संग्रहित किया गया। संग्रहित नमूनों को नियमानुसार जांच हेतु खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं को प्रतिष्ठानों पर साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को स्वच्छ एवं सुरक्षित तरीके से रखने तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता एवं मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता न किए जाने की हिदायत दी गई।जनपदवासियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा मानकों के विपरीत खाद्य सामग्री की बिक्री पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनपद में इस प्रकार के निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।