Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

बलुआ घाट पर नदी में डूबे 65 वर्षीय संतराम, 36 घंटे बाद भी नहीं मिला शव; तलाश में जुटी फ्लड पीएसी

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

रेहरा बाजार,बलरामपुर। रेहरा बाजार क्षेत्र के ग्राम पंचायत बुधीपुर के मजरा बड़की डेबरिया निवासी करीब 65 वर्षीय संतराम पुत्र बृजलाल के नदी में डूबने के बाद भी उनका शव बरामद नहीं हो सका है। घटना के करीब 36 घंटे बीत जाने के बावजूद तलाश जारी है। पुलिस टीम और फ्लड पीएसी के जवान स्टीमर की मदद से नदी में खोजबीन कर रहे हैं।जानकारी के अनुसार, संतराम मछली पकड़ने के लिए कुआनो नदी के बलुआ घाट के निकट गए थे। बताया जा रहा है कि नदी के पास पहुंचकर उन्होंने अपने कपड़े उतारकर किनारे रख दिए और नदी पार करने के लिए पानी में उतर गए। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में हलचल मच गई और पुलिस को सूचना दी गई।सूचना पर थानाध्यक्ष अनिल दीक्षित पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से संतराम की तलाश शुरू कराई गई, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। बाद में फ्लड पीएसी की टीम भी स्टीमर के जरिए नदी में तलाश अभियान में जुट गई। घटनास्थल पर पुलिस बल के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। संतराम के भाई राम कृपाल ने बताया कि उनकी पत्नी का काफी पहले निधन हो चुका था। संतराम अकेले रहते थे और उनकी कोई संतान नहीं थी। परिवार के लोग ही उनकी देखभाल करते थे। संतराम के लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।इस संबंध में थानाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने बताया कि संतराम की तलाश के लिए फ्लड पीएसी की टीम लगाई गई है। नदी में खोजबीन जारी है। शव बरामद होने तक तलाश अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.