Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

मासूम की मौत के बाद जागा नगर प्रशासन, डीजे के शोर पर नगर पालिका का बड़ा फैसला

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

सर्व समाज की बैठक में तेज आवाज के खिलाफ फूटा आक्रोश, नगर क्षेत्र में तेज ध्वनि वाले डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध का सर्वसम्मत निर्णय

बलरामपुर। डीजे की कानफोड़ू आवाज अब मनोरंजन नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य और नागरिकों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है। नगर क्षेत्र में तेज ध्वनि के बीच बच्ची की दर्दनाक मौत की घटना के बाद आखिरकार नगर पालिका ने इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया है। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ की पहल पर नगरपालिका सभागार में आयोजित सर्व समाज की बैठक में तेज आवाज वाले डीजे के खिलाफ खुलकर विरोध दर्ज कराया गया।बैठक में विभिन्न समाजों एवं वर्गों के प्रतिनिधियों ने दो टूक कहा कि धार्मिक और सामाजिक आयोजनों की आड़ में देर रात तक कानफोड़ू डीजे बजाना किसी भी सूरत में उचित नहीं है। तेज ध्वनि से बीमार लोगों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों और हृदय रोगियों को होने वाली परेशानी को लेकर गंभीर चिंता जताई गई।हाल की दुखद घटना ने पूरे नगर को झकझोर दिया है। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि किसी आयोजन की खुशी किसी दूसरे परिवार के लिए परेशानी, बीमारी या त्रासदी का कारण नहीं बननी चाहिए। आस्था और उत्सव अपनी जगह हैं, लेकिन नागरिकों के जीवन और स्वास्थ्य से बड़ा कोई उत्सव नहीं हो सकता।नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कहा कि नगरवासियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और शांति सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आयोजन में ध्वनि की तीव्रता इतनी नहीं होनी चाहिए कि आसपास रहने वाले लोगों का जीवन प्रभावित हो।विस्तृत चर्चा के बाद नगर क्षेत्र में तेज एवं तीव्र ध्वनि वाले डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का सर्वसम्मत निर्णय लिया गया। बैठक में मौजूद प्रतिनिधियों ने भी इस फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि अब डीजे के नाम पर मनमानी और कानफोड़ू शोर को सामाजिक रूप से भी स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।नगर पालिका ने नगरवासियों से अपील की है कि वे इस निर्णय का पालन करें और आयोजक विशेष रूप से बीमार, बुजुर्गों एवं बच्चों की संवेदनशीलता को ध्यान में रखें।बैठक में गेल्हापुर महंत बृजानंद जी महाराज, राजकुमार लाल श्रीवास्तव, डीपी सिंह बैस, सर्वेश सिंह, विजय अग्रवाल, हाजी नब्बन खां, मोहसिन खां, अब्दुल वहाब, आरिफ हुसैन, रमेश पहवा, प्रीतपाल सिंह, संजय कुमार मिश्र, राम नरेश त्रिपाठी, संजय शर्मा, डॉ. तुलसी दुबे, गंगा शर्मा, डॉ. देवेश श्रीवास्तव, अविनाश मिश्रा, कृष्ण गोपाल गुप्ता, डॉ. राकेश चंद्र, संजय मिश्रा, मनोज गुप्ता, संतोष गुप्ता, संजय शुक्ला, आनंद किशोर गुप्ता, शुभेंद्र मिश्रा, विकास मिश्रा, सुनील गुप्ता, प्रकाश सोनी, अब्दुल बारी, अम्बरीश शुक्ला, विनोद गिरि सहित सभासदों के प्रतिनिधि, नगर पालिका सभासद एवं अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.