भारी बारिश से फसल नुकसान का जायजा लेने गांवों में पहुंचे राधेश्याम वर्मा, किसानों को हरसंभव मदद का भरोसा
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
उतरौला, बलरामपुर।लगातार हुई भारी बारिश और राप्ती नदी के बढ़ते जलस्तर से उतरौला विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में किसानों की फसल प्रभावित हुई है। महुआधानी सहित आसपास के गांवों में धान, गन्ने और अन्य फसलों को हुए नुकसान से किसानों की चिंता बढ़ी हुई है। ऐसे कठिन समय में भाजपा नेता एवं एनएमओ बलरामपुर के जिलाध्यक्ष राधेश्याम वर्मा शनिवार को ग्रामीणों के बीच पहुंचे और खेतों में जाकर फसल क्षति का जायजा लिया।राधेश्याम वर्मा ने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और शासन की किसान हितैषी योजनाओं तथा आपदा की स्थिति में उपलब्ध राहत व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत और उनकी आजीविका की रक्षा सरकार की प्राथमिकताओं में है। प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने भी प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने और फसल क्षति का आकलन कराने पर जोर दिया है। इस दौरान अजय, शिव, अर्जुन, शैलेश कुमार, पंकज, गोविंदा, गुलशन निषाद, अमरेश निषाद, ललित राम यादव, दयाराम निषाद, प्रदीप प्रजापति, रामनाथ निषाद, रंजीत निषाद, ज्ञान प्रकाश, धर्मेंद्र निषाद और किशन बिहारी निषाद सहित अनेक ग्रामीणों से मुलाकात हुई।
समाजसेवा और जनसरोकार के कार्यों के लिए सक्रिय रहने वाले राधेश्याम वर्मा ने कहा कि जनता के सुख-दुख में साथ खड़ा होना ही राजनीति का वास्तविक उद्देश्य है। एनएमओ के जिला अध्यक्ष के रूप में स्वास्थ्य सेवा से जुड़े सामाजिक कार्यों में भी उनकी सक्रियता रही है।